आगरा में बुखार-खांसी ही नहीं झोलाछाप गंभीर बीमारियों का भी इलाज कर रहे हैं। ऐसे ही झोलाछाप को टीबी का इलाज करते पकड़ा गया है। इसके खिलाफ एसएसपी को एफआईआर दर्ज कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने रिपोर्ट भेजी है।
स्वास्थ्य विभाग को शिकायत मिली कि राजीव नगर बल्केश्वर में केके अग्रवाल झोलाछाप है और गंभीर मरीजों की जांच भी करता है। टीम जांच के लिए पहुंची और पर्चों की पड़ताल की। यहां मरीजों के पर्चे मिले, जिसमें टीबी का इलाज दिया जा रहा था, यहां तक कि मल्टी ड्रग रजिस्टेंट (एमडीआर) के मरीज के भी पर्चे मिले।
टीम ने इनका चिकित्सकीय डिग्री और पंजीकरण समेत अन्य प्रमाण पत्र मांगे। क्षय रोग विभाग में जो इसने चिकित्सकीय डिग्री और प्रमाणपत्र दिए, वह विभाग की जांच में फर्जी मिले। इस पर जिला क्षय रोग विभाग अधिकारी ने एसएसपी को आरोपी झोलाछाप के खिलाफ आइपीसी की धारा 269/270 के तहत मुकदमा दर्ज कराने के लिए पत्र भेजा है।
झोलाछाप केके अग्रवाल टीबी के मरीजों का इलाज करते हुए पाया गया। गलत इलाज कर मरीज के साथ धोखा कर रहा था। इसके खिलाफ मुकदमे के लिए एसएसपी को पत्र लिखा है।- डॉ. यूबी सिंह जिला क्षय रोग अधिकारी
टीबी का गलत ढंग से इलाज कराने वाले झोलाछाप पर एफआईआर कराने के निर्देश दिए हैं। टीम भी झोलाछाप के खिलाफ जांच कर इनकी धरपकड़ करेगी।- डॉ. मुकेश वत्स, सीएमओ