कासगंज। क्षेत्र के ग्राम नदरई में एक झोलाछाप के इलाज से गर्भवती महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं किया गया था।
सोमवती (30) पत्नी तेजवीर निवासी टीकमपुरा दो माह की गर्भवती है। शुक्रवार को उसकी तबियत खराब हो गई। परिजन उसे नदरई के झोलाछाप के पास ले गए। वहां झोलाछाप व उसकी पत्नी ने उपचार किया। करीब सात बजे छुट्टी दे दी और कहा कि कोई समस्या होने पर दोबारा ले आना।
घर पहुंचने के कुछ देर बाद ही महिला की हालात बिगड़ने लगी। परिजन उसे दोबारा झोलाछाप के पास ले गए। कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। पीड़ित ने झोलाछाप व उसकी पत्नी के खिलाफ तहरीर दी है।
जिले में झोलाछाप चिकित्सकों पर नहीं लग पा रहा अंकुश
कासगंज। जिले में झोला छाप चिकित्सकों पर अंकुश नहीं लग पा रहा। ऐसे चिकित्सक बिना किसी खौफ के अपनी दुकान संचालित करते हैं। विभाग ने पूर्व में कई झोलाछाप चिकित्सकों के क्लीनिक आदि पर कार्रवाई भी की है, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। ऐसे चिकित्सक कुछ दिनों के बाद फिर से अपने क्लीनिक चलाने लगते हैँ।
महिला की इलाज के दौरान मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी-राजीव सिरोही, कोतवाली प्रभारी
महिला की मौत के मामले की विभाग जांच करेगा। इसके साथ ही अप्रशिक्षित चिकित्सकों के खिलाफ शीघ्र ही अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी-डा. प्रतिमा श्रीवास्तव सीएमओ