मैनपुरी के कस्बा कुरावली में घिरोर मार्ग पर स्थित सराफा दुकान में शनिवार रात नकब लगाकर चोरों ने करीब 15 लाख रुपये का माल चोरी कर लिया। रविवार सुबह दुकान मालिक को वारदात की जानकारी हुई। मौके पर पहुंचकर एएसपी ने थाना पुलिस और डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक टीम के साथ छानबीन की। पुलिस ने दुकान के पास रहने वाले तीन युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
घिरोर रोड निवासी अनुज कुमार राठौर पुत्र कृपाल सिंह राठौर की मकान के सामने ही कुशाग्र साड़ी एंड ज्वैलर्स के नाम से सोने, चांदी और कपड़े की दुकान है। रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वो दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। दुकान के लिंटर के पास नकब लगा हुआ था।
उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। एएसपी ओमप्रकाश सिंह, सीओ करहल अशोक कुमार, सीओ भोगांव प्रयांक जैन, प्रभारी निरीक्षक कुरावली शिव कुमार चौहान ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने दुकान के पीछे ही रहने वाले तीन युवकों को हिरासत में लिया है।