परीक्षा केंद्र से बाहर निकलते परीक्षार्थी
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEE Main- Joint Entrance Examination) मंगलवार को शुरू हो गई। पहले दिन महज एक केंद्र (कुबेरपुर स्थित आईबीजेड डिजिटल सेंटर) पर परीक्षा कराई गई। दो पाली में हुई परीक्षा में 54.78 फीसदी परीक्षार्थी शामिल हुए। बुधवार से जिले में बने चारों केंद्रों पर परीक्षा कराई जाएगी।
पहली पाली की परीक्षा में 211 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, महज 118 परीक्षा दी। दूसरी पाली की परीक्षा में पंजीकृत 229 परीक्षार्थियों में से 123 ने उपस्थिति दर्ज कराई। इस तरह से 440 में से महज 241 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा के समन्वयक सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कमला नगर के प्रधानाचार्य एसएस मिश्रा के मुताबिक परीक्षार्थियों को केंद्र के अंदर प्रवेश थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइजेशन के बाद ही दिया गया।
परीक्षा के दौरान भी सामाजिक दूरी का पालन कराया गया। बुधवार को जिले में बनाए गए सभी चारों केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी। कोरोना से बचाव के लिए सभी जरूरी उपाय किए जाएंगे।
जेईई मेंस परीक्षा में दिखा कोरोना का असर
कुबेरपुर के देव टेक्निकल परिसर में स्थित आईओएन डिजिटल जोन आईडीजेड में मंगलवार को जेईई मेंस की परीक्षा दो पारियों में कराई गई। इसमें कोरोना का असर दिखा जिससे उपस्थिति कम रही।
परीक्षा देने आए परीक्षार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग, हाथों को सैनिटाइज कराते हुए ग्लव्स, मास्क के साथ ही प्रवेश दिया गया। परीक्षा प्रारंभ होने से पहले कक्षों को सैनिटाइज किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस भी तैनात रही।
सामाजिक दूरी का रखा गया ख्याल
दिशा-निर्देशों का कॉलेज की ओर से पालन किया गया। सामाजिक दूरी का ख्याल रखा गया। जिन परीक्षार्थियों के पास मास्क, सैनिटाइजर नहीं थे, उन्हें उपलब्ध कराया गया। - अंशुल, खंदारी आगरा
बहुत ही अच्छा पेपर आया। वह स्वयं मास्क, ग्लब्स और सैनिटाइजर अपने घर से लेकर आई थी। कॉलेज में भी पूरी व्यवस्था की गई थी। किसी तरह की कोई समस्या नहीं हुई। - परी पंकज, जसवंत नगर, इटावा