एमजी रोड पर गड्ढे की मरम्मत का कार्य हुआ शुरू
- फोटो : अमर उजाला
आगरा की लाइफ लाइन कहे जाने वाले एमजी रोड के सबसे व्यस्त चौराहे हरीपर्वत पर सड़क धंसी, तो रार मच गई। शुरुआत में दो फीट का गड्ढा शाम तक बढ़ता गया। कोई हादसा न हो, इसलिए बैरिकेडिंग कर दी गई। इस मामले में जलकल, जलनिगम और पीडब्ल्यूडी ने जिम्मेदारी लेने से किया इनकार कर दिया, लेकिन अब मामला साफ हो गया है। ये गड्ढा जलकल विभाग की पानी की पाइप लाइन में लीकेज की वजह से हुआ था।
एमजी रोड का रखरखाव लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के पास है, लेकिन जब हरीपर्वत पर सड़क धंसी तो विभाग ने जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद अब बात खुलकर सामने आई है। एमजी रोड पर गड्ढा जलकल विभाग की पानी की पाइप लाइन लीकेज की वजह से हुआ। मामल साफ होने के बाद शुक्रवार सुबह यहां मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया। हरीपर्वत चौराहे से स्पीड कलर लैब तक की एक लाइन पर ट्रैफिक रोक दिया गया है। सुपर सकर मशीन, जेटिंग मशीन समेत मशीनों की मदद से पानी की पाइप लाइन और उसके बाद सीवर की पाइप लाइन गिर जाने के काम की मरम्मत की जा रही है।
शहर की सबसे व्यस्त सड़क और चौराहा
एमजी रोड पर जिस जगह गड्ढा हुआ, वहां से सबसे ज्यादा वाहन निकलते हैं। एमडी जैन इंटर कॉलेज, सेंट पीटर्स कॉलेज, सेंट फेलिक्स, सेंट फ्रांसिस, सेंट पॉल्स, गायत्री पब्लिक स्कूल, सेंट पैट्रिक्स कॉलेज समेत स्कूलों के हजारों बच्चे यहां से निकलते हैं। शहर के सबसे बड़े कॉमर्शियल हब संजय प्लेस के सरकारी और प्राइवेट ऑफिसों में आने-जाने वाले लोग इसी सड़क से गुजरते हैं। यहां गड्ढे के कारण बैरिकेडिंग कर सड़क की एक लेन ट्रैफिक के लिए बंद की गई है।