कासगंज के हुलका मोहल्ला में हैंडपंप के पास जमा गंदा पानी
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। शहर की हुलका बस्ती के मुख्य मार्ग पर दो माह से भरा गंदापानी लोगों के लिए लगातार समस्याएं पैदा कर रहा है। बस्ती में लगे हैंडपंप के आसपास गंदा पानी भरा होने से लोगों के सामने पेयजल का संकट पैदा हो रहा है वहीं पूजा-पाठ तक के लिए परेशान है। पशु पालक भी इससे परेशान हो रहे हैं। वहीं गंदे पानी से होकर गुजरने से बस्ती के लोगों की धार्मिक भावनाएं तक आहत हो रही हैं।
हुलका बस्ती की गंदे पानी की समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका एवं लोकनिर्माण विभाग दोनों ही लापरवाह बने हुए हैं। फोरलेन सड़क मार्ग निर्माण के लिए पुलिया निर्माण का कार्य लोगों के सड़क पर उतरने के बाद किया गया लेकिन नाली का निर्माण अभी तक नहीं हो पाया है। इससे गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही। बस्ती के मुख्य मार्ग पर भरे गंदे पानी के चलते हैंडपंप के आसपास भी गंदा पानी भरा हुआ है, इससे लोग हैंडपंप का उपयोग पानी के लिए नहीं कर पा रहे। वहीं बस्ती के लोगों के लिए पूजा-पाठ आदि तक की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। मंदिर जाने के लिए लोगों के लिए गंदे पानी से होकर ही गुजरना पड़ता है, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं,। वहीं लोगों के स्वास्थ्य पर भी इसका असर पड़ने लगा है, लेकिन इस ओर से जिम्मेदार पूरी तरह से उदासीन हैं।