मैनपुरी। शहर में भोगांव रोड पर ईसीईएच कैंपस में शुक्रवार को एटा निवासी आईटीआई के छात्र की ईंट से सिर कुचलकर कर हत्या कर दी गई। सीओ सिटी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर दो लोगों के शराब पीने की बात सामने आई है। शराब के गिलास और दो क्वार्टर भी मिले। देर शाम परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। परिजन ने अभी किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।
भोगांव रोड पर बुधवार की सुबह राहगीरों ने फूलबाग के पीछे ईसीईएच कैंपस में एक युवक का लहूलुहान शव देखा। सूचना पर सीओ सिटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक की उम्र 25 से 30 साल लग रही थी। सिर से खून बह रहा था। इससे प्रतीत हुआ कि युवक का सिर कुचलकर कर हत्या की गई होगी। पुलिस को जांच के दौरान मौके पर दो लोगों की मौजूदगी के संबंध में सुराग हासिल हुए। एक की मौत हो चुकी है। वहीं, दूसरा व्यक्ति कौन है, इसको लेकर पुलिस ने आसपास के इलाके में जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जांच के लिए नमूने एकत्र कर कब्जे में लिए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कुछ देर बाद शव की पहचान जोगिंदर कुमार (24) निवासी गांव नाचे खिरिया थाना नया गांव, एटा के रूप में हुई। परिजन ने बताया कि वह चांदेश्वर रोड पर एक किराए के घर में रहता था और आईटीआई का छात्र था। वह अपना खर्च चलाने के लिए बिजली निगम के हाईटेक मीटर लगाने का काम कर रहा था। हालांकि मृतक के भाई विमल की ओर से अभी तक किसी को भी हत्या के आरोप में नामजद नहीं किया है। सीओ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शव की पहचान हो चुकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता लग सकेगा। परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
साक्ष्य बोल रहे, पहले पी दो लोगों ने शराब, उसके बाद की गई हत्या
पुलिस को घटनास्थल से दो गिलास व शराब के दो क्वार्टर मिले हैं। इससे पुलिस मान रही है कि मृतक और उसके साथ आए व्यक्ति ने पहले यहां साथ में शराब पी होगी। इसके बाद संभवत इनके बीच कोई विवाद हुआ होगा या फिर किसी रंजिश की खुन्नस में इस हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया होगा। पुुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों को फॉरेंसिक टीम के जरिये विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा है। इधर, पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।