आईटी पार्क की इमारत का हो रहा निर्माण
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के शास्त्रीपुरम के सुनारी गांव में निर्माणाधीन ताजनगरी के पहले आईटी पार्क की डेडलाइन चौथी बार बढ़ी है। सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी व सह रजिस्ट्रार राकेश गैरोला ने दावा किया है कि दिसंबर 2021 तक आईटी पार्क तैयार हो जाएगा। 2020 और 2021 में कोविड संक्रमण के कारण आईटी पार्क का निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है।
बल्का बस्ती निवासी राजीव सक्सेना ने सीपी ग्राम्स पोर्टल पर आईटी पार्क की लेटलतीफी को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। एसटीपीआई अधिकारियों से स्थिति सार्वजनिक करने को कहा था। शिकायत के जवाब में सह रजिस्ट्रार ने पत्र भेजकर यह जानकारी दी है। उन्होंने लिखा कि आईटी पार्क की साइट पर बाहरी विकास व सिविल इन्फ्रास्टक्चर का काम पूरा हो चुका है।
साज सज्जा के लिए निष्पादन एजेंसी की नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। नवंबर में प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। एसटीपीआई आगरा परियोजना का कार्य दिसंबर 2021 तक पूर्ण हो जाएगा। जनवरी 2021 में इलेक्ट्रॉनिक विभाग के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार ने पार्क का निरीक्षण किया था। तब उन्होंने मार्च 2021 तक काम शुरू करने का दावा किया था, लेकिन छह महीने बाद भी पार्क पूरा नहीं हो सका।