फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

.. तो किस लिए तैनात हैं बैरियर पर पुलिसकर्मी

Wed, 22 Apr 2015 01:55 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन
ताजमहल से सौ मीटर की दूरी पर गांधी ग्राम कुष्ठ आश्रम में डकैती की वारदात ने यलो जोन की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाश एक घंटे तक लूटपाट करते रहे। यहीं पास में वन विभाग के कार्यालय पर बने ताज सुरक्षा के बैरियर पर तैनात पुलिसकर्मियों से आश्रम का चौकीदार गुहार लगाता रहा, लेकिन उन्होंने थाने जाने की सलाह देकर टरका दिया। अगर सुरक्षाकर्मी हवाई फायर भी कर देते तो बदमाश भाग खड़े होते।
विज्ञापन


ताजमहल की सुरक्षा दो स्तरीय है। यलो जोन यानी ताजमहल के पांच सौ मीटर का एरिया। इसकी सुरक्षा का जिम्मा ताज सुरक्षा थाने की पुलिस और पीएसी संभालती है। इसके बाद रेड जोन की सुरक्षा का दायित्व सीआईएसएफ के पास है। कुष्ठ आश्रम से बमुश्किल दस मीटर की दूरी पर वन विभाग के कार्यालय के पास ताज सुरक्षा का बैरियर है। यहां चौबीस घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। लूटपाट के दौरान चीखपुकार सुनकर भी बैरियर पर तैनात जवानों ने अंदर झांकने की जहमत नहीं उठाई। आश्रम का चौकीदार रंजीत घबराया हुआ मदद के लिए बैरियर पर तैनात जवानों के पास पहुंचा तो उन्होंने कहा, ताजगंज थाने में जानकारी दो। वह कुछ नहीं कर सकते हैं।
यलो जोन में होने वाली घटना से बैरियर पर तैनात पुलिसकर्मियों की क्या कोई जिम्मेदारी नहीं है। आश्रम के लोग पुलिसकर्मियों के इस रवैये से खासे आहत हैं।

50 साल में पहली वारदात
गांधी ग्राम कुष्ठ आश्रम की स्थापना वर्ष 1964 में हुई थी। आश्रम के प्रबंधक झारखंड के नकुल ने बताया कि वह कई वर्षों से यहां हैं। कभी ऐसी घटना नहीं हुई। उनके पास कुष्ठ रोगियों के लिए दानदाता जो देते हैं, उसके अलावा क्या है। बदमाशों ने उसे भी नहीं छोड़ा।
विज्ञापन


लूटीं शादी की खुशियां
मंगलवार को मायादेवी के बेटे सावन की जयपुर बरात जानी थी। आश्रम में देर रात तक नाच-गाना हुआ था। बदमाशों ने धावा बोलकर माया देवी और सावन के भाई पवन को घायल कर दिया। जैसे-तैसे सावन की दुल्हन के लिए जेवर बनवाया था। बदमाश उसे भी लूट ले गए। नगदी भी नहीं छोड़ी। माया देवी के पति की कई साल पूर्व मृत्यु हो चुकी है। आश्रम के लोगों ने बताया कि सावन की बरात में 55 लोग जाने थे, लेकिन घटना के बाद अब पांच लोग ही शादी कराकर लौट आएंगे।

अब कैसे पूरा होगा बबली का सपना
तपन के आवास से बदमाश 30 हजार रुपये की नगदी लूट ले गए। तपन की पत्नी प्रभा का कहना था कि बेटी बबली का ग्वालियर के एक नर्सिंग कालेज में दाखिला हुआ है। किसी तरह फीस के तीस हजार रुपये का इंतजाम किया। मंगलवार को फीस जमा करने जाना था। बदमाश बेटी की पढ़ाई का पैसा भी लूट ले गए।

चौकीदार को भी पीटा
आश्रम में बदमाश जंगल की तरफ से घुसे थे। जिधर से बदमाश आए, वहां से धांधूपुरा, गढ़ी बंगश, गढ़ी आदि गांवों से होकर रास्ता जाता है। अनुमान है कि बदमाश गांवों की तरफ से आए। आश्रम में हर तीन घंटे के लिए आश्रम के लोग ही चौकीदारी करते हैं। रात की शिफ्ट में सोमवार को रंजीत और नर सिंह चौकीदारी कर रहे थे। रंजीत भाग निकला, लेकिन बदमाशों ने नरसिंह के साथ भी मारपीट कर डाली।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें