आगरा। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) श्रद्धालुओं के लिए विशेष भारत गौरव धार्मिक यात्रा शुरु करने जा रहा है। इसमें यात्रियों को पुरी, कोणार्क, कोलकाता, गंगासागर, गया, बैद्यनाथ धाम, वाराणसी और अयोध्या के मंदिरों के दर्शन कराए जाएंगे।
आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि यह यात्रा 5 से 14 फरवरी तक कुल 9 रात और 10 दिन की होगी। यात्रा का संचालन आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से किया जाएगा। ग्वालियर, झांसी, उरई, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या और वाराणसी से यात्री चढ़ने और उतरने की सुविधा भी मिलेगी। यात्रा के लिए कुल 767 बर्थ उपलब्ध हैं, जिनमें 2 एसी के 49, 3 एसी के 70 और स्लीपर श्रेणी के 648 बर्थ शामिल हैं। पैकेज में 2 एसी, 3 एसी और स्लीपर क्लास की ट्रेन यात्रा, नाश्ता, दोपहर और रात्रि का शाकाहारी भोजन तथा एसी और नॉन एसी बसों से स्थानीय भ्रमण की सुविधा दी जाएगी।
ये रखा गया है शुल्क
स्लीपर क्लास का पैकेज 19,110 रुपये प्रति व्यक्ति तथा 5 से 11 वर्ष के बच्चों के लिए 17,950 रुपये तय किया गया है। इसमें स्लीपर क्लास ट्रेन यात्रा, डबल या ट्रिपल शेयरिंग पर नॉन एसी होटलों में ठहराव, वॉश एंड चेंज की सुविधा और नॉन एसी परिवहन शामिल है। स्टैंडर्ड श्रेणी में 3 एसी क्लास का पैकेज 31,720 रुपये प्रति व्यक्ति और बच्चों के लिए 30,360 रुपये है, जबकि कम्फर्ट श्रेणी के 2 एसी क्लास का पैकेज 41,980 रुपये प्रति व्यक्ति तथा बच्चों के लिए 40,350 रुपये निर्धारित किया गया है। एलटीसी और ईएमआई की सुविधा भी मिलेगी। इच्छुक यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट www.irctctourism.com पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। फोन नंबर 9236391908, 8287930908 पर संपर्क किया जा सकता है।