इंडियन प्रीमियर लीग आईपीएल ऑक्शन के पहले दिन गेंदबाज दीपक चाहर की स्विंग पर धन की बौछार हुई । बेंगलुरु में शनिवार को चेन्नई सुपर किंग सीएसके ने मध्यम गति के तेज गेंदबाज दीपक को 14 करोड़ में खरीदा। ताज नगरी के लाल दीपक चाहर चेन्नई सुपर किंग के लिए धोनी से भी महंगे खिलाड़ी हैं। उनके छोटे भाई राहुल चाहर 5.25 करोड़ में खरीदे गए।
आईपीएल के पांचवें संस्करण में सीएसके टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से ज्यादा रकम दीपक चाहर को मिलेगी। धोनी को सीएसके में 12 करोड़ में रिटेन किया है। दीपक को खरीदने के लिए लगभग 4 मिनट तक बोली चली। दीपक की बोली देखने के लिए शहर के क्रिकेट प्रेमी पूरे दिन टीवी से चिपके रहे। दीपक चाहर वनडे और टी-20 फॉर्मेट में भारतीय टीम का हिस्सा हैं। इस समय वेस्टइंडीज के साथ चल रहे दौरे में भी भारतीय टीम के सदस्य हैं।
वर्ष 2016 में 10 लाख से शुरू हुआ था सफर
आईपीएल में दीपक चाहर का पदार्पण वर्ष 2016 में हुआ था। तब पुणे सुपरजाइंट्स ने उनको 10 लाख रुपए में खरीदा था। वर्ष 2018 में सीजन में उनकी कीमत 80 लाख रुपये तक पहुंच गई। अब दीपक को चेन्नई सुपर किंग्स ने 14 करोड़ में खरीदकर उन्हें आईपीएल में बिकने वाला सबसे महंगा भारतीय गेंदबाज बना दिया।
बुलंद हौसले अनुशासन का फल: लोकेंद्र चाहर
बुलंद हौसले और अनुशासन ने दीपक को इस मुकाम तक पहुंचाया है ऐसा कहना है दीपक चाहर के पिता और कोच लोकेंद्र चाहर का, उन्होंने बताया कि घंटों अभ्यास के साथ ही अपनी गलतियों से सीखने की आदत ने उन्हें हमेशा दूसरे क्रिकेटरों से अलग बनाया। बातचीत के दौरान दीपक के कैरियर के लिए एयर फोर्स में अपनी नौकरी छोड़ने की बात बताते हुए वह भावुक हो गए। उन्होंने बताया दीपक को मैच खेलने के लिए कई सौ किलोमीटर का बस से धक्के खाते हुए सफर और उन कठिनाइयों का सुफल मिल रहा है।