आगरा। टीसा के मैदान पर चल रहे चौथे रजत मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को पहला सेमीफाइनल मुकाबला होटल अमर विलास और होटल ग्रैंड मर्क्यूर के बीच खेला गया। होटल ग्रैंड मर्क्यूर की टीम ने सात विकेट से शानदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल में जगह बनाई।
टॉस जीतकर होटल ग्रैंड मर्क्यूर ने पहले फील्डिंग का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी होटल अमर विलास की टीम 20 ओवरों के मैच में 16 ओवर में ही 143 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए होटल ग्रैंड मर्क्यूर की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और महज 11.5 ओवरों में तीन विकेट खोकर 146 रन बनाकर सेमीफाइनल मुकाबला जीत लिया।
टीम की जीत में अमित राजपूत की 57 रनों की पारी की अहम भूमिका रही। उन्हें सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया। वहीं, अमर विलास के रॉबिन भारद्वाज ने तीन विकेट लिए, उन्हें सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया। मैच के असली हीरो होटल ग्रैंड मर्क्यूर के अतुल कुमार रहे। उन्होंने 27 रन बनाने के साथ ही चार विकेट भी झटके। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।
अतुल सोलंकी और दीपक कौशिक ने अंपायर की भूमिका निभाई। टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला शुक्रवार को होटल ताज कन्वेंशन और होटल सरोवर पोर्टिको के बीच होगा।मैच के दौरान अमूल्य कक्कड़, राजेश शर्मा, अनुराग शर्मा, सुनील गुप्ता, अरुण डंग, अनिल डंग, संजय कालरा, आमिर उद्दीन, गौरव सिंह, नवीन गोस्वामी और बलदेव भटनागर आदि मौजूद रहे।