अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर शुक्रवार को आगरा कैंट स्टेशन से आगरा कैंट-निजामुद्दीन ईएमयू का संचालन महिला क्रू को सौंपा गया। इसमें लोको पायलट, गार्ड से लेकर टिकट चेकिंग स्टाफ और आरपीएफ स्क्वैड भी महिलाओं का रहा। यह अवसर मिलने पर महिला रेलवे कर्मियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
आगरा रेल मंडल ने शाम 4:15 बजे आगरा कैंट-निजामुद्दीन ईएमयू का संचालन सौंपा। लोको पायलट की सीट गीता ने संभाली तो गार्ड शिल्पी चौधरी को भी पहली दफा मेल ट्रेन का अनुभव मिला, वह अभी तक मालगाड़ी में ड्यूटी कर रही थीं। आरपीएफ स्क्वैड में आगरा कैंट आरपीएफ पोस्ट की महिला आरक्षी रहीं।
एडीआरएम दिलीप कुमार सिंह समेत अन्य रेल अधिकारियों ने गाड़ी को हरी झंडी दिखाई। एडीआरएम ने बताया कि ट्रेन में केवल क्रू ही महिलाओं का नहीं है, इंजीनियरिंग समेत कई अन्य सेवाओं में कार्यरत महिलाओं को भी ड्यूटी दी गई है।