यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों परीक्षाओं के परिणाम में आगरा ने भी सूबे में अपनी छाप छोड़ी है। इंटरमीडिएट में आगरा की अंकिता यादव और रोहित कुमार ने शीर्ष पांच में स्थान पाया है। वहीं, हाईस्कूल में आगरा 12वें स्थान पर काबिज हुआ है। हाईस्कूल का परिणाम 88.46 फीसदी, इंटर का 91.92 फीसदी रहा। इंटर में 96.40 फीसदी अंक के साथ मार्निंग रेज इंटर कालेज, नवां मील की छात्रा अंकिता सूबे में चौथे और 96.20 अंक लेकर संत आसाराम जी बापू इंटर कालेज, शमसाबाद के छात्र रोहित कुमार पांचवें स्थान पर रहे। दोनों क्रमश: मंडल में दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। हाईस्कूल में नेहा ने 93.5 फीसदी अंक के साथ जिले की टॉपर रहीं।
हाईस्कूल में जिले में कुल 81,644 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। परीक्षा में 69,150 शामिल हुए, सफलता 61,170 को मिली। 471 परीक्षार्थी फेल हुए हैं और 72 को कंपार्टमेंट का विकल्प मिला है। वहीं, इंटरमीडिएट में 68,165 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। परीक्षा में बैठे 60,645 और उत्तीर्ण 55,747 हुए। प्रदेश में आगरा 38वें स्थान पर रहा। 25,374 परीक्षार्थी प्रथम श्रेणी में, 6644 सम्मान के साथ, 20896 द्वितीय श्रेणी में, 2327 तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। बता दें कि इंटरमीडिएट में आगरा मंडल टॉप करने वाली अंकिता यादव प्रदेश की टॉपर से महज चार अंक पीछे हैं। वह एयर पिस्टल शूटिंग की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी भी हैं। राज्य से लेकर राष्ट्र स्तर पर कई मेडल जीते हैं। अंकित से रोहित को एक अंक कम मिला है। आगरा में हाईस्कूल टॉप करने वाली नेहा इंटरमीडिएट में जिले में दूसरे पाने वाले रोहित की चचेरी बहन है। एक ही परिवार में दोहरी खुश आई है।
हाईस्कूल परिणाम एक नजर में
88.46 फीसदी रहा परिणाम
61170 उत्तीर्ण हुए परीक्षार्थी
471 अनुत्तीर्ण हुए परीक्षार्थी
72 परीक्षार्थियों को कंपार्टमेंट
इंटरमीडिएट परिणाम एक नजर में
91.92 फीसदी रहा परिणाम
55747 उत्तीर्ण हुए परीक्षार्थी
25374 प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण
6644 सम्मान सहित पास हुए
20896 द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण
2327 तृतीय श्रेणी में उत्तीण