ग्रेटर आगरा में कुछऐसी दिखेगी खेल अकादमी
ग्रेटर आगरा में एकीकृत खेल अकादमी का निर्माण होगा। खेल अकादमी की स्थापना के लिए नगर निगम सदन ने प्रस्ताव पारित कर प्रदेश सरकार को भेजा है। प्रस्ताव में कहा गया है कि आगरा से क्रिकेट, हॉकी, एथलेटिक्स, कराटे, तैराकी, बॉक्सिंग आदि खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पहचान बना चुके हैं। यहां एकीकृत खेल अकादमी की जरूरत है, जिससे अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शन के लिए आगरा और आसपास के जिलों के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लिए बेहतर मंच मिल सके।
पार्षद अनुराग चतुर्वेदी ने प्रस्ताव में कहा है कि ग्रेटर आगरा क्षेत्र में एकीकृत खेल अकादमी स्थापित की जाती है तो खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, फिटनेस, आवासीय सुविधा और शैक्षिक व्यवस्थाएं एक ही परिसर में मिल सकेंगी। सदन ने सर्वसम्मति से बालक-बालिकाओं को उच्च मानकों वाली खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अकादमी को जरूरी बताया। पार्षदों ने इसके जरिये रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की बात कही है।
महापौर हेमलता दिवाकर ने कहा कि ग्रेटर आगरा में एकीकृत खेल अकादमी की स्थापना से आगरा और आसपास के क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और सुविधाएं मिल सकेंगी। भविष्य में आगरा को प्रदेश के प्रमुख खेल केंद्रों में स्थापित करने की दिशा में यह अकादमी महत्वपूर्ण साबित होगी। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि यहां खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ अन्य सभी तहर की सुविधाएं उपलब्ध कराने की परिकल्पना की गई है। इससे न केवल खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि रोजगार, खेल पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।