दो युवकों को 15 दिन तक थाने में अवैध रूप से बैठाए रखने के आरोप में हटाए गए इंस्पेक्टर धर्मेंद्र भाटी को दो दिन बाद ही थाना एमएम गेट का प्रभारी बना दिया गया। मामले की जांच अभी जारी है और वायरल वीडियो की सत्यता भी पुलिस जांच के दायरे में है।
आगरा में दो युवकों को 15 दिन तक अवैध रूप से थाने में बैठाए रखने के आरोप में हटाए गए इंस्पेक्टर धर्मेंद्र भाटी को थाना एमएम गेट का प्रभारी बनाया गया है। उन्हें थाना बसई जगनेर से दो दिन पहले ही हटाया गया था। इस मामले की जांच एसीपी खेरागढ़ कर रहे हैं। दूसरी ओर, एमएम गेट प्रभारी अमर राणा को बसई जगनेर का चार्ज दिया गया है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। दावा किया गया कि यह वीडियो थाना बसई के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह भाटी का है। यह वीडियो थाने गए एक युवक ने ही बनाया। इसमें इंस्पेक्टर कह रहे थे कि दोनों युवकों कोई दिक्कत नहीं हुई। हवालात में भी नहीं रखा गया। आराम से थाने में रहे। वीडियो की जांच एसीपी खेरागढ़ प्रीता दुबे को दी गई। इसी आरोप पर इंस्पेक्टर को हटाया गया था। डीसीपी आदित्य सिंह का कहना है आरोपों की जांच चल रही है। वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है।
जनप्रतिनिधि के सहयोग से मिला था युवक
चर्चा है कि जिस युवक ने वीडियो बनाया है, वो एक जनप्रतिनिधि से जुड़ा है। उनसे फोन कराकर वह एक अधिकारी से मिला। अधिकारी ने फोन करके थानेदार से मिलने के लिए बोल दिया। इस कारण ही इंस्पेक्टर ने खुलकर बात की।