बरनाहल के गांव अब्दुलनवी पुर में जांच करते डीपीआरओ स्वामीदीन
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। विकास खंड बरनाहल की ग्राम पंचायत अब्दुल नवीपुर में शुक्रवार को डीपीआरओ ने विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने ग्राम प्रधान द्वारा कराए विकास कार्यों को देखने के साथ ही ग्रामीणों से भी जानकारी ली। वहीं सचिव को जरूरी अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
ग्राम पंचायत अब्दुल नवीपुर में विकास कार्यों में ग्राम प्रधान रामबरन द्वारा गड़बड़ी करने की शिकायत की गई थी। मामले की जांच सीडीओ ने कृषि रक्षा अधिकारी, बीडीओ बरनाहल और सहायक अभियंता आरईएस को सौंपी थी, लेकिन दो माह बाद भी जांच रिपोर्ट न आने से डीपीआरओ स्वामीदीन ने ये जांच खुद करने का निर्णय लिया था।
शुक्रवार को डीपीआरओ गांव में जांच के लिए पहुंचे। उन्होंने सभी विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इतना ही नहीं उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनसे कार्यों के बारे में जानकारी की। उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव से सभी कार्यों के एस्टीमेट जांच के लिए लिए हैं। वहीं कार्य योजना व उपभोग प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के लिए कहा है। इस दौरान सहायक राजकुमार सिंह मौजूद रहे।
ये था मामला
सीडीओ से ग्राम पंचायत अब्दुल नवीपुर के गांव बेलाहार निवासी श्रीकृष्ण व रामचंद्र आदि ने ग्राम प्रधान द्वारा अनियमितताओं किए जाने का आरोप लगाया था। मामले की जांच समिति को सौंपी गई थी, लेकिन जांच रिपोर्ट में देरी के चलते डीपीआरओ अब खुद जांच कर रहे हैं।
गांव में जाकर विकास कार्यों की जांच की गई है। विकास कार्यों का एस्टीमेट सचिव से लिया गया है। वहीं ग्राम पंचायत में कराए गए कार्य व उपभोग प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अभिलेखों की जांच के बाद ही मामला स्पष्ट हो सकेगा।
स्वामीदीन, डीपीआरओ।