टूंडला के मदावली में गोशाला का निरीक्षण करते एसडीएम केपी सिंह तोमर
- फोटो : TUNDLA
टूंडला। योगी सरकार में गोवंश की दुर्दशा हो रही है। एक शिकायत पर एसडीएम ने मदावली गोशाला का निरीक्षण किया, यहां उन्हें तमाम खामियां मिलीं। कई गोवंश बीमारी से तड़पते मिले तो एक गाय की मौत हो चुकी थी। एसडीएम ने डीएम को जांच रिपोर्ट भेजी है।
एसडीएम केपी सिंह तोमर मदावली शनिवार को गोशाला का जायजा लेने पहुंचे। गोशाला में 154 गोवंश थे। गायों के चारे कीजानकारी की तो पोल खुल गई। गोशाला में कुछ गायें एक बंद कमरे में बीमारी के चलते तड़प रही थीं। जबकि एक गाय की तो सांसें ही थम चुकी थीं। गोशाला की देखरेख कर रहे वरुण उपाध्याय ने बताया कि सभी को सुबह चारा दिया है। जब एसडीएम ने चारा डलवाया तो गोवंश उस पर टूट पड़े।
इस पर एसडीएम जमकर लताड़ लगाई। कई गायों की टैगिंग भी नहीं हुई थी। गायों के साथ रह रहे 46 सांड़ों का बधियाकरण नहीं हुआ था। गोशाला का संचालन सामाजिक संस्था एचपीएमआई कर रही है। साथ ही मौके पर रखरखाव रजिस्टर नहीं मिला। पशु चिकित्सक डॉ. नीरज गर्ग को बीमार गायों की देखभाल के निर्देश दिए।
अब तक मर चुके हैं दो दर्जन गोवंश
एक कर्मचारी ने बताया कि गोशाला में आज हुई एक गाय की मौत के अतिरिक्त अब तक दो दर्जन से अधिक गोवंश की मौत हो चुकी हैं।
मात्र पांच किलो दाना मिला
गोशाला में 154 गोवंश है। उन्हें खिलाने के लिए मौके पर मात्र पांच किलो दाना ही मिला। पूछने पर कर्मचारी ने बताया कि आज ही खत्म हुआ है।
मदावली गोशाला की हालत बहुत खराब है। गोशाला में कुछ गायें बीमार हैं। एक गाय की मौत हो गई थी। पूरी जांच रिपोर्ट कार्रवाई के लिए डीएम को भेजी जा रही है।
- केपी सिंह तोमर, एसडीएम टूंडला।