फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दबंगई: भूसे के ढेर पर खेल रहे मासूमों पर बरसाईं लाठियां, एक बच्चे का पैर टूटा; ग्रामीणों में आक्रोश

Tue, 16 Jun 2026 11:34 PM IST
Arun Parashar संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा

सार

मासूम बच्चों पर हमले से पूरे गांव में आक्रोश व्याप्त है। लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराने के साथ ही मामले की जांच और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
हमले में घायल बच्चे। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा के खेरागढ़ थाना क्षेत्र के गांव कुसियापुर में सोमवार शाम तूरी (भूसे) के ढेर पर खेल रहे पांच मासूम बच्चों पर दो दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी बच्चों को लहूलुहान कर चुके थे। इस हमले में 6 वर्षीय एक मासूम का पैर टूट गया, जबकि चार अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं। परिजन ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन


परिजन देवकीनंदन ने बताया कि सोमवार शाम करीब 6 बजे कोहिनूर (7), जयदीप (8), प्रशांत (12), मोहित (6) और सूरज (5) गांव में ही सरकारी गोशाला के पास लगे तूरी के ढेर पर खेल रहे थे। आरोप है इसी दौरान वहां गांव के ही किशन सिंह और मनोज डंडे लेकर पहुंचे। बिना कुछ कहे मासूमों पर बेरहमी से लाठियां बरसाना शुरू कर दीं। 

 
विज्ञापन

बच्चे दर्द से तड़पते रहे, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा। हमले में मासूम कोहिनूर की कमर, जयदीप की पीठ और सूरज के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। 6 साल के मोहित का पैर टूट गया। उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए धौलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं घायल प्रशांत (12) ने बताया कि वह एक-दो डंडे लगने के बाद किसी तरह जान बचाकर भागा और गांव के एक घर में छिप गया, जहां मौजूद लोगों ने उसे बचाया। डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। साक्ष्य संकलन कर कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद सहमे और रोते-बिलखते बच्चों को लेकर परिजन सीधे खेरागढ़ थाने पहुंचे। परिजन ने किशन सिंह और मनोज के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मासूम बच्चों पर हमले से पूरे गांव में आक्रोश व्याप्त है। लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराने के साथ ही मामले की जांच और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें