मैनपुरी। उद्योग विभाग की जर्जर बिल्डिंग के दिन बहुरने वाले हैं। इसका जीर्णोद्धार 48 लाख रुपये से होगा। शासन ने बजट राशि जारी कर दी है। उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम (यूपीएसआईसी) को कार्यदायी संस्था भी नियुक्त कर दिया है। यूपीएसआईसी की ओर से ठेका भी दे दिया है। बताया जा रहा है कि अगले सप्ताह से जीर्णोद्धार कार्य शुरू हो जाएगा। बुधवार को कार्यदायी संस्था के लोगों ने जिला उद्योग उपायुक्त (डीआईसी) के साथ बैठक भी की।
उद्योग विभाग की जर्जर बिल्डिंग को दुरुस्त करने के साथ ही इस परिसर में एक मीटिंग हॉल का निर्माण होगा। इसके अलावा गेट को भी नये सिरे से बनाया जाएगा। गेस्ट हाउस के ठीक किया जाएगा। महिला और पुरुष के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए जाएंगे। इसके अलावा भी अन्य कार्य किए जाएंगे। जीएम डीआईसी उत्कर्ष चंद्रा ने बताया कि ठेका पाने वाली कंपनी को सख्त हिदायत दी है कि अच्छी गुणवत्ता की सामग्री का इसमें इस्तेमाल करें। जिलाधिकारी द्वारा समय-समय पर इस कार्य का औचक निरीक्षण भी किया जाएगा। बिना जिलाधिकारी की स्वीकृति के भुगतान नहीं होने दिया जाएगा।