पटियाली कोतवाली क्षेत्र के गांव दरियावगंज में फौजी के बेटे ने गोली मारकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन पुलिस प्रथम दृष्टया गृह क्लेश मान रही है। इधर युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।दरियावगंज निवासी नक्षत्र पाल जम्मू में सैनिक हैं, उनका परिवार गांव में ही रहता है।
मंगलवार की शाम सभी परिजन खेत पर गए हुए थे। उनका 17 वर्षीय बेटा विकास यादव घर पर था। शाम लगभग पांच बजे घर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली की आवाज सुन पड़ोसी घर की ओर दौड़े। देखा तो खून से लथपथ विकास जमीन पर पड़ा हुआ था और उसके समीप एक 315 बोर का तमंचा पड़ा था। युवक के सीने में गोली लगी थी। इसकी सूचना खेत पर काम कर रहे परिजनों को दी गई।
आगरा: सेना में भर्ती होने का युवाओं के लिए सुनहरा मौका, जानिए कब से शुरू होंगी भर्तियां
परिजन घर पहुंचे और उसे सरकारी अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सूचना पर सीओ पटियाली गवेंद्र गौतम पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजन और ग्रामीण तो घटना का कोई कारण स्पष्ट नहीं कर रहे, लेकिन पुलिस इस घटना का कारण गृह क्लेश मान रही है।