टूंडला (फिरोजाबाद)। दिल्ली जा रही महिला यात्री के साथ सीआईटी प्रशासन के कार्यालय में अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़िता ने सीआईटी प्रशासन के ऑफिस में बैठे टीटीई पर उसके साथ न सिर्फ अभद्रता बल्कि उसकी रसीद को भी फाड़कर फेंकने का आरोप लगाया है। विरोध करने पर उसके खिलाफ कार्रवाई कराने की धमकी दी है। पीड़ित महिला यात्री के आरोपों का वीडियो रेल मंत्रालय के ट्विटर तक जा पहुंचा है। मामले में रेल अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे एटा के अवागढ़ निवासी दिव्या नाम की एक महिला यात्री दिल्ली जाने के लिए टूंडला रेलवे स्टेशन पहुंची थी। उसका किसी ट्रेन में आरक्षण नहीं था। आरोप है कि महिला यात्री की स्टेशन पर तैनात एक टीटीई ने रसीद बनाकर उसे दी थी, जिसे लेकर वह स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर ट्रेन के आने का इंतजार करने लगी। महिला यात्री के अनुसार उसी दौरान एक टीटीई सीआईटी प्रशासन बीएस मीणा के ऑफिस में बैठा हुआ दिखाई दिया जिससे ट्रेन के आने की जानकारी की।
महिला यात्री का आरोप है कि टीटीई ने उसे ऑफिस में बैठाकर उसकी टिकट देखते हुए एसी कोच में बैठाकर दिल्ली भेजने का प्रलोभन दिया। मना करने पर टीटीई द्वारा उसे सहूलियत से भेजे जाने की बात कही गई। टीटीई ने ट्रेन आने तक ऑफिस में ही बैठा दिया। आरोप है कि इस बीच आरोपी टीटीई ने महिला यात्री से अभद्रता कर डाली, जिसका विरोध करने पर उसकी रसीद को फाड़कर फेंक दिया।
महिला यात्री को अब बिना टिकट होने की बात कहते हुए कार्रवाई करने की भी धमकी दे डाली। इसके चलते महिला यात्री बिना यात्रा करे ही अपने घर के लिए रवाना हो गई। पीड़िता के आरोपों का यह वीडियो ट्विटर पर रेल मंत्रालय तक जा पहुंचा। इसके बाद प्रयागराज डिवीजन के रेल अधिकारियों ने इस मामले की जांच शुरू करा दी है।
जांच के नाम पर शुरू होने लगी लीपापोती
टूंडला। इस मामले की जांच शुरू होने के बाद स्थानीय स्तर पर अधिकारियों द्वारा महिला यात्री से बातचीत कर बयान लिए हैं। महिला को ऐसी कोई घटना नहीं हुई की बातें समझाते हुए उसे मनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अभी हाल ही में चेकिंग स्टाफ के दो मामले होने पर अधिकारियों ने लीपापोती शुरू कर दी है।
मामला अभी-अभी संज्ञान में आया है। संबंधित अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
अमित कुमार सिंह, पीआरओ-एनसीआर प्रयागराज डिवीजन