डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से शैक्षणिक सत्र 2004-05 में बीएड करने वाले सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में तैनात शिक्षकों की भी जांच शुरू हो गई है। जिन शिक्षकों के नाम विशेष जांच दल (एसआईटी) की ओर से तैयार फर्जी व टेंपर्ड प्रमाणपत्रों की सूची में पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी है। मामले की जांच के लिए सभी जिलों से शिक्षकों की रिपोर्ट मांगी जा रही है। जिले में चौथी बार सूचना मांगी गई है। अधूरी जानकारी भेजे जाने पर नाराजगी भी जताई गई है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने आगरा सहित दस जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों को पत्र जारी किया है। यह भी कहा गया है कि निर्धारित फॉर्मेट पर समय से सूचना उपलब्ध नहीं कराई जाती तो शासन को जानकारी दे दी जाएगी। प्रकरण की समीक्षा शासन और महानिदेशक स्कूल शिक्षा के स्तर से की जा रही है।
चिंताजनक : अनलॉक में दो गुनी मौत, रिकवरी रेट भी घटा, एक तिहाई मरीज हुए ठीक
आगरा जिले से दो चरणों में 72 स्कूलों से प्राप्त रिपोर्ट भेजी गई है। जबकि जिले में सहायता प्राप्त विद्यालयों की संख्या 109 है। जिला विद्यालय निरीक्षक का कहना है कि 18 और कॉलेजों ने शिक्षकों की रिपोर्ट भेज दी है। इनकी की भी रिपोर्ट निदेशालय भेजी जा रही है। इस तरह से सूचना देने वाले विद्यालयों की संख्या 90 हो चुकी है। बाकी जो विद्यालय रह गए हैं उनको फिर से नोटिस जारी किया जा रहा है।