फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: रोडवेज बसों के इंतजाम नाकाफी...बहनों ने किया मुश्किल सफर

विज्ञापन
बसों और ट्रेनों में सफर करने में पसीने छूट गए।
विज्ञापन
आगरा। भाई दूज पर भाई को तिलक करने के लिए निकली बहनों को बसों और ट्रेनों में सफर करने में पसीने छूट गए। बस अड्डों पर धक्का-मुक्की हुई तो ट्रेनों में भी मारामारी के हालात रहे। जनरल और स्लीपर कोचों में भी जगह नहीं मिली। मजबूरी में यात्रियों को जोखिम लेकर पायदान और फर्श पर बैठकर सफर करना पड़ा।
विज्ञापन

बुधवार सुबह सेटेलाइट बस अड्डे पर अलीगढ़-हाथरस जाने वाली बस के परिचालक के आवाज लगाते ही यात्रियों की भीड़ टूट पड़ी। दरवाजे पर बैग लेकर सीट पाने की होड़ में धक्का-मुक्की होने लगी। थोड़ी देर में बस ठसाठस भर गई, लेकिन लोग इसके बाद भी चढ़ने को उतावले रहे। हरिद्वार और मेरठ जाने वाली बसों में भी यही हालात रहे। आईएसबीटी पर गुरुग्राम, दिल्ली, नोएडा, कानपुर, बरेली और लखनऊ जाने वालों की भीड़ उमड़ी। गुरुग्राम और नोएडा के लिए बसों का घंटों तक इंतजार करना पड़ा।ज्यादातर बसों में सवारियों ने खड़े होकर सफर किया। बस अड्डों के अलावा हाईवे पर भी यात्री बसों के इंतजार में खड़े रहे। कुछ लोग डग्गामार मालवाहक वाहनों में सफर करते नजर आए।
दोपहर 1:30 बजे ईदगाह बस अड्डे पर भरतपुर, धौलपुर, फतेहपुर सीकरी, जगनेर और खेरागढ़ जाने वाली बसों में भी सीट के लिए मारामारी रही। परिचालक के बस रवाना होने की आवाज लगाते ही यात्री चढ़ने को टूट पड़े। कुछ लोग खिड़कियों से भी अंदर घुसने का प्रयास करते दिखे। आईएसबीटी प्रभारी चंद्रहंस ने बताया कि जिन रूटों पर डिमांड आईं, वहां बसों को रवाना किया गया।
विज्ञापन


आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर उत्कल एक्सप्रेस 35 मिनट देरी से पहुंची। ट्रेन रुकते ही चढ़ने वालों की भीड़ गेट पर जमा हो गई। दरवाजे पर यात्रियों के जमावड़े से अंदर बैठे लोग उतर नहीं पा रहे थे। धक्का देने के बाद रास्ता बना तो यात्री उतर सके। जगह नहीं मिलने पर कुछ दरवाजे पर खड़े हो गए तो कुछ शौचालय के पास और फर्श पर बैठकर सफर करने को मजबूर हुए। आगरा फोर्ट स्टेशन पर भी कमोबेश यही स्थिति रही। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को कोई दिक्कत न हो।
विज्ञापन

बसों और ट्रेनों में सफर करने में पसीने छूट गए।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें