फिरोजाबाद में गुरुवार को अपनी ससुराल पहुंची महिला को ससुरालीजनों ने घर में नहीं घुसने दिया। इस पर महिला दरवाजे पर धरने पर बैठ गई। महिला के परिजन भी मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच विवाद के दौरान पथराव हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने महिला के पिता और ससुर को हिरासत में लिया है।
थाना मटसेना क्षेत्र के गांव दिलीप का पुरा निवासी सोनम की ससुराल उत्तर थाना क्षेत्र के मोहल्ला ओम कॉलोनी गली नंबर दो में है। सोनम का विवाह 24 मई 2021 को आशीष के साथ हुआ था। कुछ समय पूर्व सोनम मायके गई थी। गुरुवार को वह ससुराल लौटी। ससुराल का दरवाजा खोलने के लिए उसने पति और ससुरालीजनों ने आवाज भी लगाई।
दोनों पक्षों के बीच हुआ पथराव
ससुरालीजनों ने न तो दरवाजा खोला और न ही सोनम को घर में घुसने दिया। सोनम ससुराल के गेट पर ही बैठ गई और मायकेवालों को सूचना दी। इस पर सोनम के पिता व अन्य लोग आ गए। इसके बाद मामला बढ़ गया। दोनों पक्षों के बीच पथराव होने लगा। इससे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। सूचना पर कोतवाल उत्तर संजीव कुमार दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।