मैनपुरी। जिले में डेंगू की जांच के साथ लिवर फंक्शन टेस्ट (एलएफटी) और किडनी फंक्शन टेस्ट (केएफटी) भी कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने ये आदेश जिले में तेजी से बढ़ रहे किडनी और लिवर संक्रमण के मरीजों की संख्या को देखते हुए जारी किए हैं। बुधवार को जिला अस्पताल पहुंचे लिवर में संक्रमण के एक मरीज की मौत हो गई। सीएमओ ने जिले भर के चिकित्साधीक्षकों को पत्र जारी कर बुखार आने पर डेंगू जांच के साथ केएफटी और एलएफटी के आदेश दिए हैं।
कुरावली थाना क्षेत्र के गांव रोसिंगपुर निवासी किशनलाल (67) को पिछले कुछ दिनों से लिवर संक्रमण की दिक्कत थी। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता ने बताया कि जिले में अभी तक डेंगू का एक भी मरीज नहीं मिला है।
बुखार के मरीजों की डेंगू जांच कराने के आदेश दिए गए हैं। बुखार के मरीजों की जांच में पाया गया है अधिकतर मरीज किडनी और लिवर में संक्रमण के चलते बुखार से पीड़ित हैं। इसलिए जिले भर में चिकित्साधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि तीन दिन से अधिक बुखार आने पर मरीजों की डेंगू जांच कराई जाए। डेंगू की एलाइजा जांच के साथ ही बुखार वाले मरीजों की एलएफटी (लिवर फंक्शन टेस्ट) और केएफटी (किडनी फंक्शन टेस्ट) भी कराया जाएगा। सीएमओ ने कहा कि चिकित्साधीक्षक आदेशों का पालन कराना सुनिश्चित करें।