बिछवां क्षेत्र के गांव बलारपुर में झाडिय़ों व उपलों के ढेर में लगी आग
- फोटो : MAINPURI
बिछवां। थाना क्षेत्र के गांव बलारपुर में मंगलवार की दोपहर गांव के बाहर लगे उपलों में आग लग गई। जब तक ग्रामीणों को जानकारी हुई, आग ने आसपास की झाड़ियों को भी चपेट में ले लिया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू किया। क्षेत्रीय लेखपाल ने मौका मुआयना किया।
गांव बलारपुर में ग्रामीणों ने गांव के बाहर गोबर के उपले बनाकर लगा दिए थे। मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे अचानक उपलों के एक ढेर में आग लग गई। कुछ ही देर में आसपास के रखे उपले भी आग की जद में आ गए। आग तेजी के साथ बढ़ रही थी और आसपास की झाड़ियों को भी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने आग को मिट्टी व पानी डालकर बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। लेकिन तेज धूप में आग तेजी के साथ गांव की ओर बढ़ती जा रही थी। सूचना मिलने के बाद पहुंचे दमकलकर्मियों ने काफी देर मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। ग्रामीणों ने बताया कि आग अगर गांव तक पहुंचती तो काफी नुकसान हो जाता। लेखपाल और तहसीलकर्मी भी जांच करने पहुंचे।