बाह में भाई-भाभी की पिटाई का शिकार हुआ राजेन्द्र
बाह। घरेलू बंटवारे के विवाद में बाह के गढ़ा पचौरी के राजेंद्र के साथ बृहस्पतिवार की सुबह 8 बजे मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। राजेंद्र ने पुलिस को बताया कि बंटवारे के विवाद में भाभी ने उसकी बांह पर काट लिया, भाई ने डंडे से पीट दिया। पुलिस भर्ती परीक्षा से पहले राजेंद्र की कमर और गर्दन पर चोट लगी है। चीख पुकार मचाए जाने पर आए बस्ती के लोगों ने जान बचाई। राजेंद्र ने बताया कि जून में पुलिस भर्ती है, उसकी तैयारी में जुटा है। आरोप है कि पुलिस भर्ती से पहले शरीर को नुकसान पहुंचाने के लिए भाई-भाभी ने हमला किया है। बाह पुलिस ने घायल का मेडीकल कराया है। प्रभारी निरीक्षक बाह ने बताया कि मेडीकल रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
इंसेट
घर में घुसकर मारपीट में 9 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
पिनाहट। थाना क्षेत्र के गांव पातीरामपुरा (खैरडाडा) में घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मुकेश पुत्र महेश निवासी पातीरामपुरा ने तहरीर देते हुए बताया कि 10 मार्च 2026 को गांव के ही जगदीश पुत्र गंगादीन, चिन्टू, जोगे, मंटोली, आकाश, बंटी, विकास, बबलू उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने कुल्हाड़ी, सरिया व अन्य हथियारों से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई मनीष को भी बुरी तरह पीटा। परिवार की महिलाओं को भी चोटें आई थीं , जिनमें एक का हाथ टूटने की बात कही गई थीं। संवाद