एमएसएमई विकास संस्थान का दो दिवसीय नेशनल एक्सपो संपन्न
- फोटो : अमर उजाला
उद्यमियों को बड़े आर्डर चाहिए तो अपने उत्पादों की क्वालिटी सुधारनी होगी। रेलवे में पंजीकरण के लिए आईएसओ सर्टिफिकेट होना अनिवार्य है। गुणवत्ता पर अगर ध्यान दिया जाए तो सप्लाई करने में कोई दिक्कत नहीं आएगी। आरडीएसओ ही रेलवे के सेफ्टी आइटमों का परीक्षण करती है। यह कहना है रिसर्च डिजायन एंड स्टैंडर्ड आर्गनाइजेशन (आरडीएसओ) के विशेष सचिव एवं निदेशक आरके श्रीवास्तव का, वह एमएसएमई के फाउंड्री नगर स्थित पीपीडीसी सेंटर में चल रहे दो दिवसीय नेशनल एक्सपो के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
समारोह में चेंबर अध्यक्ष अशोक गोयल ने कहा कि करोड़ों के व्यापार की संभावना एक्सपो से है। एक्सपो में इंजीनियरिंग कालेज के छात्रों तथा उद्यमियों सहित सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। बिहार, उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, हरियाणा के उद्यमियों ने एक्सपो में हिस्सा लिया। भारत सरकार के उपक्रमों एनटीपीसी, इंडियन ऑयल, रेलवे, आर्डिनेंस फैक्ट्री, सेंट्रल आर्डिनेंस डिपो, एनसीआईसी और आरडीएसओ ने हिस्सा लिया। समापन पर सभी 65 उद्यमियों को प्रमाण पत्र दिए गए।
एक्सपो में उपनिदेशक वीएम झा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस दौरान उप निदेशक इंद्रजीत यादव, सहायक निदेशक ब्रजेश यादव, पीपीडीसी प्रधान निदेशक एके सिंह तथा सुशील यादव आदि मौजूद रहे।