आगरा। ताजनगरी के चिकित्सकों ने सफेद कोट उतारकर क्रिकेट के मैदान पर बल्ला थामा, तो गेंदबाजों का इलाज करते हुए जमकर चौके-छक्के बरसाए। आईएमए क्रिकेट लीग सीजन-1 के पहले मुकाबले में सोमवार को प्रेसिडेंट इलेवन ने वाइस-प्रेसिडेंट इलेवन को नौ विकेट से हराकर टूर्नामेंट का धमाकेदार आगाज किया।
लीग का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस मौके पर डीसीपी ने बल्लेबाजी कर खिलाड़ियों का हौसला भी बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल एक ऐसा जुनून है जो उम्र की सीमाओं को तोड़ देता है। डॉक्टर्स का अपने व्यस्त शेड्यूल से समय निकालकर मैदान पर उतरना प्रशंसनीय है।
टॉस जीतकर प्रेसिडेंट इलेवन के कप्तान डॉ. गौरव गंगवार ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। वाइस-प्रेसिडेंट इलेवन ने निर्धारित 20 ओवर में 176 रन बनाए। कप्तान डॉ. अफनान ने शानदार 54, डॉ. पुलिन ने 40 और डॉ. संदीप ने 22 रनों का योगदान दिया। प्रेसिडेंट इलेवन की ओर से डॉ. बृजेश ने तीन, डॉ. नीरज ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रेसिडेंट इलेवन की टीम ने 15.4 ओवर में ही 178 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
प्रेसिडेंट इलेवन के डॉ. सौरभ महेश गुप्ता ने 76, डॉ. नितिन दिवाकर ने नाबाद 50 और कप्तान डॉ. गौरव गंगवार ने 36 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को एकतरफा जीत दिला दी। डॉ. सौरभ महेश गुप्ता को मैन ऑफ द मैच चुना गया। आईएमए अध्यक्ष डॉ. पंकज नगायच ने कहा कि यह लीग समाज को प्रेरित करने का एक जरिया है।
सचिव डॉ. रजनीश मिश्रा ने बताया कि आगरा के इतिहास में पहली बार चिकित्सकों के लिए इस स्तर की लीग आयोजित हो रही है। इस दौरान डॉ. जितेंद्र चौधरी, डॉ. मुकेश भारद्वाज, पूर्व अध्यक्ष डॉ. अनूप दीक्षित, डॉ. ओपी यादव, डॉ. योगेश सिंघल, डॉ. अर्पित, डॉ. मिहिर, अरुणेश यादव आदि मौजूद रहे।