गंजडुंडवारा। भाजपा जिला अध्यक्ष के खिलाफ फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। उनकी तहरीर पर पुलिस ने एक आरोपी का नामजद करते हुए उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाजपा जिला अध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी के खिलाफ रोहित चौहान निवासी मां दुर्गा कॉलोनी गंजडुंडवारा ने फेसबुक पर अमर्यादित टिप्पणी कर दी। इस कार्य में उसके कुछ साथी भी शामिल हैं। जब इस बात की जानकारी भाजपा जिला अध्यक्ष को हुई तो उन्होंने रोहित व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने बताया कि फेसबुक पर उनके व पार्टी के मान सम्मान पर चोट की गई है। टिप्पणी करके द्वेष भाव पैदा करने की कोशिश की गई है। इससे अन्य जाति धर्म के लोगों में पार्टी के खिलाफ भी माहौल पैदा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले भी युवक इस तरह की अमर्यादित टिप्पणी कर चुका है। टिपप्णी से उनकी व पार्टी के मान सम्मान को भी ठेस पहुंची है। टिप्पणी में क्षेत्रीय सांसद को भी घसीटा गया है।