कासगंज। पटियाली थाना पुलिस ने भरगैन के एक खाली मकान में अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो लोगाें को गिरफ्तार किया। तीन लोग पुलिस को चकमा देकर भाग गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय की गई हैं। पुलिस ने 10 तमंचे, 10 अधबने तमंचे, कारतूस व उपकरण बरामद किए हैं।
एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे ने बताया कि पुलिस क्षेत्राधिकारी आरके तिवारी के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक गंगा प्रसाद व थाना पुलिस की टीमों ने सूचना पर भरगैन में कदीर आलम के खाली पड़े मकान में छापा मारा। जहां अवैध शस्त्र फैक्ट्री संचालित होती मिली। कदीर आलम एवं अशोक शर्मा को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। जबकि बृजेश शर्मा, फूले और छोटे खां फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सात तमंचे 315 बोर, 1 तमंचा 12 बोर, 2 तमंचा 32 बोर, आठ कारतूस, 2 खोखा व 10 अधबने तमंचे बरामद किए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय की गई हैं। शीघ्र ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
आसपास के जनपदों में कर रहे थे सप्लाई
कासगंज। एसपी रोहन प्रमोद ने बताया कि फैक्ट्री में तैयार किए जा रहे अवैध देसी तमंचे कासगंज के अलावा पड़ोसी जनपद एटा, फर्रुखाबाद, बदायूं व अन्य जिलों में सप्लाई किए जा रहे थे। 4-5 हजार रुपये की कीमत तक इन तमंचों की बिक्री होती है। पुलिस की पूछताछ अभी जारी है। पूछताछ में जो भी तथ्य मिलेंगे, उसके अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित होगी।