अकोला। आगरा-जगनेर मार्ग पर दर्जनों की संख्या में डग्गेमार वाहन प्राइवेट बस, ईको, टेंपो, लोडिंग टेंपो आदि वाहन लगातार धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। आए दिन ऐसे डगेमार वाहनों से दुर्घटनाएं हो रही हैं फिर भी प्रशासन ऐसी दुर्घटनाओं से कोई सबक नहीं ले रहा। पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से कार्रवाई नहीं होने से डग्गेमार वाहन चालकों के हौसले बुलंद हैं।
सूत्रों की मानें तो आगरा-जगनेर मार्ग पर दर्जनों की संख्या में डग्गेमार प्राइवेट बस, ईको गाड़ी, टेंपो, लोडर वाहन बेखाैफ फर्राटा भर रहे हैं। ये डग्गेमार वाहन आगरा से जगनेर, कागारौल, अकोला के यात्रियों को नियमों को ताक पर रखकर सफर करा रहे हैं। इससे यूपी रोडवेज को लाखों का चूना लग रहा है। भाजपा नेता अशोक लवानिया, अरुणकांत लवानिया, छत्रपाल सिंह, यदुवीर सिंह, शैलेंद्र सिंह उर्फ शैली, सत्यभान सिंह, कुंज बिहारी, अवधेश आदि ने डग्गेमार वाहन चालकों पर अभिलंब कार्रवाई की मांग की है।