थाने के सामने से गुजरता बालू लदा वाहन
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के थाना मंसुखपुरा के सामने से रेत से लदी ट्रैक्टर ट्रॉलियां लेकर खनन माफिया के गुर्गे आराम से गुजर रहे हैं। पुलिस इन पर कार्रवाई नहीं कर रही। सवाल उठ रहे हैं कि माफिया पर यह मेहरबानी क्यों?
दो दिन पहले ही ‘अमर उजाला’ ने खुलासा किया था कि चंबल में रात दिन अवैध खनन किया जा रहा है। इसके बावजूद न तो खनन विभाग ने छापे मारे, न प्रशासन हरकत में आया और न ही पुलिस ने अवैध खनन में वांटेड किसी माफिया की गिरफ्तारी की।
चंबल घड़ियाल संरक्षण के कारण बालू का खनन प्रतिबंधित है। इसके बाद भी माफिया खुलेआम बालू की खोदाई और ढुलाई करा रहे हैं। थाना मनसुखपुरा क्षेत्र में सबसे ज्यादा बालू का खनन हो रहा है। स्थानीय लोगों की मानें तो रात में थानों के सामने से ही बालू से भरी ट्रालियां गुजरती हैं। इस दौरान खेतों में डंप करके सुबह इनकी बिक्री की जाती है।
लोगों का आरोप है कि बालू खनन का विरोध करने वालों को भी पुलिस और वन विभाग के कर्मी माफिया की मिलीभगत से झूठे मुकदमे में फंसा देते हैं। लोग बताते हैं कि कुछ दिन पहल राजाखेड़ा के टिढावली गढ़ी निवासी रामखिलाड़ी ने अवैध खनन की शिकायत की थी। उसे झूठी शिकायत करके फंसा दिया था।