चंडीगढ़ से बिहार तक शराब की तस्करी की जा रही है। आगरा जिले के सिकंदरा में मंगलवार को एक कैंटर को पकड़ लिया गया। उसमें 170 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। चालक पकड़ा गया, जबकि उसके आगे चल रहे दो सप्लायर भागने में सफल रहे।
एसओजी टीम मंगलवार को सिकंदरा क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। तभी मथुरा की तरफ से कैंटर में तस्करी की शराब लाने की जानकारी मिली। इस पर एसओजी प्रभारी कुलदीप दीक्षित और थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह पुलिस टीम के साथ घेराबंदी में जुट गए।
पुलिस ने एक कैंटर को रोका। इसमें से 170 पेटी शराब बरामद हुई। आरोपी चालक बागपत निवासी अंकित को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जगदीश और अमित मिलकर अवैध शराब खरीदने और बेचने का काम करते हैं। जगदीश ने उसे मोबाइल देकर भेजा था। वह दोनों के सहयोग से ही चंडीगढ़ से कैंटर में शराब की पेटियां लेकर आता है। यह शराब बिहार लेकर जाता है। बिहार से पहले ही कैंटर की नंबर प्लेट बदल देता था।
बिहार नंबर की नंबर प्लेट होने की वजह से पुलिस नहीं रोकती है। जगदीश और अमित कैंटर के आगे अपनी कार से चलते थे। बिहार में किसे शराब देनी है, इसकी जानकारी केवल उन्हीं को रहती है।