आगरा में अवैध होर्डिंग पर नगर निगम के ढुलमुल रवैये से शहर की खूबसूरती दागदार हो रही है। हाल यह है कि जिन जगहों या क्षेत्रों को नगर निगम ने नो होर्डिंग जोन घोषित किया है, वहीं पर संगठन और अन्य लोग अवैध होर्डिंग तानकर प्रचार कर रहे हैं।
खास बात यह है कि शहर की तस्वीर बदलने के लिए जिम्मेदार नगर निगम और आगरा विकास प्राधिकरण के कार्यालयों के आसपास भी अवैध होर्डिंग लगाने से लोग नहीं कतरा रहे। इसकी वजह से ताज देखने के लिए आने वाले लोगों को पहले बेतरतीब होर्डिंगों से रूबरू होना पड़ रहा है।
नगर निगम ने सभी अंडरपास को नो होर्डिंग जोन घोषित कर रखा है। एमजी रोड पर भी बिना अनुमति होर्डिंग लगाने पर मनाही है लेकिन यहां नगर निगम मुख्यालय के आसपास ही अवैध होर्डिंग तानकर लोगों ने प्रशासनिक अमले को चुनौती दे रखी है।
इसी तरह एडीए कार्यालय, कलेक्ट्रेट, कचहरी जैसे तमाम प्रमुख सरकारी कार्यालयों और प्रमुख चौराहे अवैध होर्डिंगों से पटे हुए हैं। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने कहा कि अवैध होर्डिंग के खिलाफ अभियान चलाए जाते रहे हैं। आगे भी अभियान चलाकर ऐसे होर्डिंग और उन्हें लगाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।