फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गजब: थाने के सामने वसूली का खेल, 30 रुपये में ऑटो और 1200 में बस; ऐसे मिल रही ट्रैफिक नियम तोड़ने की इजाजत

Fri, 16 Oct 2026 11:14 AM IST
Dhirendra Singh अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा

सार

आगरा के भगवान टॉकीज चौराहे पर ऑटो और ई-रिक्शा चालकों से रोजाना 30 रुपये वसूलने और डग्गेमार बसों से प्रति चक्कर 1,000 से 1,200 रुपये लेने के आरोप लगे हैं। चौराहे पर वाहनों के जमावड़े और फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है।
 
विज्ञापन
ऑटो चालक से वसूली करते युवक - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा का व्यस्त भगवान टॉकीज चौराहा पुलिस की मनमानी से बस और ऑटो का स्टैंड बन गया है। हाथ में डंडा और कागज थामे युवक दिन भर वसूली में लगे रहते हैं। हरियाणा नंबर की बसें सवारियों पर कब्जा करती हैं। यह सब थाने के सामने हो रहा है। यही नहीं थाने के फुटपाथ पर खड़ी बाइकों की वजह से पैदल चलने वालों के लिए रास्ता नहीं बचता। लोगों को हर दिन जाम से जूझना पड़ रहा है।
विज्ञापन


भगवान टॉकीज पर फ्लाईओवर के नीचे ही बस, ऑटो और ई-रिक्शा के साथ ही डग्गेमार वाहन सवारियां भरते हैं। ऑटो और ई-रिक्शा रामबाग की तरफ से आएं या फिर सिकंदरा की तरफ से सर्विस रोड पर चौराहा पार करने के लिए कीमत चुकानी पड़ती है। हर दिन का 30 रुपये अदा करने के बाद ही आगे बढ़ने की अनुमति मिलती है।
यह सब किसी पार्किंग स्थल पर नहीं होता है। बीच सड़क पर खड़े युवक दिन भर चालकों से वसूली में लगे रहते हैं। कोई ऑटो पर तारीख लिखता है तो कोई कागज पर नंबर दर्ज करता है। इसके बाद सड़क पर कब्जे की छूट भी मिल जाती है। इस पर रोक लगाने वाली पुलिस या तो किनारे बैठी रहती है या फिर थाने के पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहते हैं।
विज्ञापन


 
Trending Videos

दृश्य -1
30 रुपये दो और पार करो चौराहा

बृहस्पतिवार दोपहर 11:30 बजे भगवान टॉकीज से सुल्तानगंज पुलिया की तरफ के सर्विस रोड से निकल रहे ऑटो को सिर पर साफी बांधे और हाथ में डंडा लिए युवक ने रोका। वह एक-एक कर रास्ते से निकलने वाले हर चालक से रुपये मांग रहा था। चालक के मुट्ठी में 30 रुपये थमाकर चालक आगे बढ़ जा रहे थे।

 

दृश्य -2
पर्ची पर नंबर, आगे बढ़ेगा ऑटो

बृहस्पतिवार दोपहर 12:15 बजे। सुल्तानगंज पुलिया की ओर से आने वाले सर्विस रोड पर फ्लाईओवर के नीचे खड़ा युवक हाथ में पर्ची लेकर ऑटो का इंतजार कर रहा था। जिन ऑटो के शीशे पर आज (बृहस्पतिवार) की तारीख का नंबर नहीं होता, उसे रोकता था। चालक से रुपये लेने के बाद पर्ची में लिखकर आगे बढ़ जाता है।

 

दृश्य -3
हरियाणा नंबर की बस को किसकी अनुमति

आईएसबीटी बस अड्डे की दूरी तकरीबन 2 किलोमीटर है। भगवान टॉकीज पर यूपी रोडवेज की बसों का ठहराव कम ही होता है मगर हरियाणा नंबर और डग्गेमार वाहनों पर कोई रोक नहीं है। फ्लाईओवर के नीचे बनी पार्किंग में बस-वैन खड़ी रहती हैं। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि वसूली की वजह से कार्रवाई नहीं होती। हर चक्कर पर चालक 1000 से 1200 रुपये तक चुकाते हैं।

 

दृश्य -4
कब्जा लिया पैदल चलने वालों का रास्ता

थाना न्यू आगरा के बराबर से ही फुटपाथ बना है। इसके बाहर ही दोपहिया वाहनों की लाइन लगती है। दोपहर में डेढ़ बजे स्कूलों की छुट्टी के समय बस, ऑटो और वैन का निकलना शुरू होता है तो दयालबाग से एमजी रोड की तरफ जाने वाले रास्ते पर जाम लगने लगता है। रही-सही कसर चौराहे के आसपास खड़े ऑटो और ई-रिक्शा पूरी कर देते हैं।

 

 अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल ने बताया कि चौराहों पर ऑटो-ई रिक्शा चालकों से अवैध वसूली की जा रही है तो पुलिस से जांच कराई जाएगी। प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। नगर निगम की ओर से निर्धारित स्थान पर ही ऑटो खड़े कराए जाएं। 50 और 100 मीटर की दूरी का पालन सख्ती से किया जाना चाहिए। थाना पुलिस से भी जवाब लिया जाएगा।

 
विज्ञापन

खानापूर्ति के लिए होती है कार्रवाई
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस हरकत में आती है। वसूली करने वालों को गिरफ्तार किया जाता है। उनके खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की जाती है। मगर कुछ देर बाद ही आरोपी जमानत पर छूटकर फिर से वही काम करने लगते हैं। इस पर कोई रोक नहीं लग रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें