शहर में कोतवाली में निरीक्षण करते आईजी आगरा रेंज ए. सतीश गणेश
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। दो दिवसीय दौरे पर मैनपुरी पहुंचे आईजी आगरा रेंज ने रविवार को शहर कोतवाली का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अपराध पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता में शामिल है। दर्ज मामलों में पुलिस को सही ढंग से पैरवी के निर्देश दिए हैं। हिस्ट्रीशीटर, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भी जिले में अभियान चलाया जा रहा है।
आईजी आगरा रेंज ए. सतीश गणेश ने शनिवार को भोगांव थाना का निरीक्षण करने के साथ ही करहल थाने का निरीक्षण किया था। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए थे। रविवार को दूसरे दिन आईजी ने शहर कोतवाली का निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी अजय कुमार पांडेय के साथ अपराध रजिस्टर आदि देखे।
आईजी ने कहा कि महिला अपराध की शिकार महिलाओं को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता में शामिल हैं। पुलिस मामले दर्ज करने के साथ ही कोर्ट में भी मजबूती से अपना पक्ष रखे। उन्होंने कहा कि हिस्ट्रीशीटर, वांछित, इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जिले में भी अपराध पर शिकंजा कस रहा है। निरीक्षण के दौरान सीओ अभय नरायन राय, टीआई देवेंद्र शंकर पांडेय आदि मौजूद रहे।