मथुरा में अपहृत डाक्टर की फिरौती की रकम का बंदरबांट करने के मामले में एसएसपी से लेकर एसएचओ तक की भूमिका सामने आई है। इस मामले में इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया है। सीओ को सर्किल से हटा दिया गया है। एसएसपी/डीआईजी को हटाने की तैयारी है।
सूत्रों के अनुसार आईजी आगरा ए सतीश गणेश द्वारा की गई जांच में एसएसपी से लेकर एसएचओ तक की भूमिका संदिग्ध बताई गई है। उन्होंने अपनी रिपोर्ट शासन को भेज दी है। इस मामले में जिला स्तर पर कार्रवाई भी कर दी गई है। हाइवे थाने के एसएचओ को निलंबित कर दिया गया है, जबकि संबंधित सर्किल के क्षेत्राधिकारी को एसएसपी कार्यालय से संबद्घ कर दिया गया है।
सूत्रों का कहना है कि इस मामले में एसएसपी/डीआईजी शलभ माथुर के खिलाफ भी कार्रवाई तय है। फिलहाल शलभ माथुर को मथुरा से हटाने की तैयारी है। वहीं डाक्टर का अपहरण करने वाले चारों बदमाशों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।