मैनपुरी। बेसिक शिक्षा विभाग में छात्रों की कम हो रही संख्या को लेकर अधिकारियों ने नाराजगी प्रकट की है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि छात्र संख्या कम हुई तो शिक्षकों को दूर दराज के दूसरे स्कूलों में भेजा जाएगा। बीएसए दीपिका गुप्ता ने कहा कि अप्रैल और मई में जानकारी करने पर पाया गया है कि कई स्कूलों में 10 से 15 प्रतिशत तक छात्र-छात्राएं कम हो गए हैं। संबंधित शिक्षक चेतावनी के बाद भी छात्र संख्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। विभाग ने निर्णय लिया है कि जहां छात्र संख्या कम हुई है वहां के शिक्षकों को दूर दराज के स्कूलों में भेजा जाएगा। शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क करें। यदि उनकी पसंद के विद्यालय में छात्र संख्या कम होगी तो उन्हें भी वहां से हटना पड़ेगा।
क्या है छात्र शिक्षक का मानक
प्राइमरी स्कूलों में निर्धारित मानक के अनुसार 30 बच्चों पर एक शिक्षक, 45 बच्चों पर दो शिक्षक, 60 बच्चों पर तीन शिक्षक, 75 बच्चों पर चार तथा 90 बच्चों पर पांच शिक्षकों की नियुक्ति होनी चाहिए। देखा जाए तो यह मानक जिले के अधिकांश प्राइमरी स्कूलों में नहीं है।
शहर के पास के स्कूलों में हो सकता है बड़ा बदलाव
सबसे अधिक मानकों की अनदेखी शहर के नजदीकी विद्यालय जो मैनपुरी विकास खंड में लगते हैं उनकी है। यहां 40 से 50 बच्चों पर छह से सात शिक्षकों की तैनाती है। जुलाई में यहां नई छात्र संख्या के अनुसार मानक से अधिक तैनात शिक्षकों को हटाया जाएगा।
शिक्षक यदि अपनी पसंद के स्कूल में रहना चाहते हैं तो वहां छात्र संख्या मानक के अनुसार रखें। यदि छात्र संख्या घटेगी तो वहां से हटने के लिए तैयार रहें। - दीपिका गुप्ता, बीएसए