घर पर ताला लगाकर बाहर जा रहे हैं तो सुरक्षा का भी ध्यान रखें। चोरों की नजर आपके घर पर हो सकती है। अगर, पुलिस को सूचना देंगे तो बीट सिपाही आपके घर की निगरानी करेगा। मोहल्ले में गश्त भी बढ़ा दी जाएगी। आगरा में रविवार को थाना सदर पुलिस ने नेहा विहार कॉलोनी, मनहर कॉलोनी, देवरी रोड के मोहल्लों में लोगों के साथ बैठक में ये बातें कहीं। इस दौरान खुद से किए जाने वाले सुरक्षा उपाय भी बताए। इस दौरान प्रशिक्षु क्षेत्राधिकारी (सीओ) स्वाति चौधरी, सदर प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार मौजूद रहे। लोगों ने भी पुलिस से सवाल किए।
39 व्हाट्सएप ग्रुप से लोगों को जोड़ेंगे
थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि सदर क्षेत्र में चोरी की वारदात को देखते हुए बीट के प्रत्येक सिपाही को जिम्मेदारी दी गई है। 39 व्हाट्स एप ग्रुप बनाए गए हैं। इनमें अलग-अलग इलाके के बीट सिपाही को ग्रुप एडमिन बनाया गया है। सिपाही इन ग्रुप में 200 से 250 लोगों को जोड़ेंगे। लोगों को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही कॉलोनी और मोहल्लों में बीट सिपाही के पोस्टर चस्पा किए गए हैं। इनमें उनके मोबाइल नंबर और बीट क्षेत्र की जानकारी होगी। इससे लोग सिपाही से संपर्क करने के लिए परेशान नहीं होंगे। लोग अपनी शिकायत भी इस ग्रुप पर दे सकेंगे। इस पर संबंधित बीट सिपाही जांच करेगा। कार्रवाई कराने की जिम्मेदारी सिपाही की होगी।