- सीओ के आदेश के बाद करहल थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर मोहल्ला काजी में विवाहिता की हत्या कर दी गई। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना बताए ससुरालीजन ने अंतिम संस्कार भी कर दिया। सीओ के आदेश पर पति सहित अन्य ससुरालियों के खिलाफ करहल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गईं।
अयोध्या के गांव रजौरा (मटियाहवा) निवासी दयाराम निषाद ने सीओ संतोष कुमार सिंह को बताया कि पुत्री ममता की शादी पवन कुमार निवासी मोहल्ला काजी करहल के साथ 7 दिसंबर 2020 को की थी। बेटी के इस समय एक ढाई वर्ष की बेटी है और वर्तमान में ममता गर्भवती थी। 31 अक्तूबर 2024 को पुत्री की अपने भाई से बातचीत हुई थी। एक नवंबर को सूचना मिली कि ममता की मौत हो गई है और ससुरालीजन अंतिम संस्कार कर घर आ गए हैं। पता लगने के बाद वह लोग बेटी की ससुराल पहुंचे तब उन्हें कोई सही जानकारी नहीं मिली। दयाराम ने आरोप लगाया कि दामाद पवन कुमार, सास माला देवी, जेठ विक्की, जेठानी पूनम, ननद सीमा, रिंकी ने अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर पुत्री की हत्या कर शव को जला दिया। जब वह थाने में शिकायत करने गए तो तहरीर नहीं ली गई। मामले में सीओ के आदेश पर करहल पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।