मैनपुरी। बेवर जीटी रोड के फोरलेन बनने के बाद से रोडवेज बसें नवीगंज कस्बे में नहीं जा रही हैं। बसें सीधे ओवरब्रिज से गुजर रही हैं। इससे यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। यात्रियों को समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाते हुए नौ नवंबर के अंक में खबर प्रकाशित की। क्षेत्रीय प्रबंधक ने बसों को नवीगंज कस्बे में अंदर ले जाने का आदेश दिया है। साथ ही चेतावनी दी कि ओवरब्रिज से बस गुजरने पर नियमित चालकों का निलंबन और संविदा के चालकों की संविदा समाप्त होगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक आगरा मनोज कुमार ने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों तथा केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए हैं। निर्देश में कहा है कि मैनपुरी-कन्नौज मार्ग पर चलने वाली बसों के चालक परिचालक अपने वाहनों को नवीगंज कस्बे में अंदर से न ले जाकर सवारियों को सड़क पर उतारकर नवनिर्मित ओवरब्रिज से होकर अपने गंतव्य को जा रहे हैं। इससे सवारियों के लिए खतरा बना हुआ है। सभी चालक और परिचालक नवीगंज में अंदर से बसों को ले जाएंगे। शिकायत मिलने पर नियमित कर्मचारियों का निलंबन कर संविदा कर्मचारियों की संविदा समाप्त की जाएगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक इटावा, अलीगढ़ को पत्र भेजकर नवीगंज पर प्रवर्तन कार्मिक की तैनाती करने को कहा गया है। इससे कोई बस ओवरब्रिज होकर न जाए। एआरएम बेवर एससी शंखवार द्वारा भी सभी चालक परिचालकों को नवीगंज कस्बे के अंदर से बसें ले जाने के निर्देश दिए गए हैं। ओवरब्रिज से बसों के संचालन की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।