भोगांव। गांव डेरा बंजारा में शनिवार की रात एक विद्युत पोल से होकर गुजर रही केबल में फॉल्ट हो गया। चिंगारी से पास ही रखी झोपड़ी व घर में आग लग गई। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने दो बच्चों को आग से सकुशल बाहर निकाला। आग में घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
थाना क्षेत्र के गांव डेरा बंजारा निवासी नगीना देवी शनिवार की रात करीब 11 बजे बच्चों के साथ सो रही थीं। तभी अचानक घर के पास लगे विद्युत खंभे की एक केबल में फॉल्ट से निकली चिंगारी ने घर के पास रखी झोपड़ी को चपेट में ले लिया। जब तक घरवालों को जानकारी हुई आग नगीना के घर तक पहुंच चुकी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घर में सो रहे दो बच्चों को ग्रामीणों के सहयोग से सकुशल बाहर निकाला। आग में घर व झोपड़ी में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र बहादुर ने बताया कि समय पर राहत कार्य करने से बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। तहसीलदार आनंद कुमार को सूचना दी गई है। संवाद