उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक महिला ने अपने पति पर भी खुद को बदनाम करने की साजिश का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पति ने उसकी फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर शर्मसार करने वाले फोटो अपलोड कर दिए। इतना ही नहीं अश्लील मैसेज भेजकर उसे बदनाम करने में लगा है। पीड़िता पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वर्ष 2013 में हुई थी शादी
एटा कोतवाली नगर में एक महिला ने अपनी ही पति के खिलाफ फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर अश्लील संदेश और फोटो भेज बदनाम करने की रिपोर्ट लिखाई है। महिला का आरोप है कि शहर निवासी व्यक्ति के साथ वर्ष 2013 में शादी हुई थी। शादी के बाद से ही पति व अन्य ससुरालीजन प्रताड़ित करने लगे, तो दहेज उत्पीडन का मुकदमा दर्ज कराया। ये मामला अदालत में विचाराधीन है।
इस तरह हुई जानकारी
उसने बताया कि इस बीच 19 जनवरी को मोबाइल पर एक नए नंबर से कॉल आई, जिसे उठा नहीं पाई तो दोबारा कॉल आई। फोन करने वाले ने उसके फेसबुक अकाउंट पर अश्लील फोटो की जानकारी दी। जब उसने पड़ताल की तो पता लगा कि ये हरकत किसी और की नहीं, बल्कि उसके पति की ही है। उसने फर्जी आईडी को देखा, तो उस पर अपनी फोटो देख उसके होश उड़ गए। इस आईडी से अश्लील फोटो और मैसेज भेजे गए थे।
पुलिस से की शिकायत
इसके बाद पीड़िता ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस के बताया कि पति ने समाज में बदनाम करने के लिए ऐसा किया है। वहीं मामले की जानकारी देते हुए कोतवाली प्रभारी सुधीर सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।