आगरा के सिकंदरा में दो महीने पहले पति ने नर्स पत्नी की हत्या चरित्र पर शक में की थी। आरोपी ने पत्नी के गले को तब तक दबाए रखा, जब तक उसकी सांसे नहीं थम गईं। हत्या के बाद वो फरार हो गया। डीसीपी सिटी ने उस पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। शनिवार रात को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की पूछताछ में उसने पत्नी की हत्या करना कबूल कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, अनुज भार्गव थाना एमएम गेट का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ वर्ष 2016 में थाना शाहगंज में अपहरण कर हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। गैंगस्टर और एनडीपीएस के दो और मुकदमे दर्ज हैं। वह शादी के बाद शिवम कुंज में रहता था। अनुज की आदत की वजह से अन्नू की बनती नहीं थी। वह एक हास्पिटल में नर्स बन गई। काम की वजह से उसे मोबाइल पर बात करनी पड़ती थी। इस पर अनुज उस पर शक करने लगा। आए दिन उनके बीच झगड़ा होता था।
आरोप है कि वह धमकी देता था। इस कारण अन्नू पति के किराये के मकान से दूर दूसरे मकान में बच्चों के साथ रहने लगी। यह बात अनुज को बुरी लगी। घटना वाले दिन अन्नू बाजार दूध लेने आई थी। तभी वो उसे मिला। बहाने से अपने घर ले गया। इस दौरान हत्या कर दी। घर पर ताला डालकर फरार हो गया। मां के घर नहीं आने पर बच्चों ने तलाश की। दूसरे दिन शव पिता के कमरे पर मिला। हत्या के बाद अनुज मथुरा और वृंदावन में रह रहा था। बच्चे उसके पैतृक मकान में उसकी मां के साथ रह रहे थे। पुलिस के पास आरोपी की आडियो रिकॉर्डिंग भी हैं, जिसमें वो पत्नी को धमकी दे रहा है।
आरोपी अनुज भार्गव ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी से बहुत प्यार करता था। एक दिन पत्नी रात में कहीं चली गई। वह न अपने किराये के मकान में पहुंची और न ही घर पर आई थी। इससे उसके चरित्र पर शक हुआ। उसी दिन उसने सोच लिया कि पत्नी को खत्म कर देगा। उसने मौका पाकर गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद फरार हो गया। वह अब बच्चों से मिलने के लिए आया था। तभी पुलिस को सूचना मिल गई। पुलिस ने उसे पकड़ लिया।