यूपी में तीन तलाक से जुड़ी घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला एटा का है जहां पति ने पत्नी के मायके से 10 मिनट की देरी से घर पहुंचने पर फोन पर ही तीन तलाक दे दिया। बाद में पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। महिला का पति हैदराबाद में प्राइवेट नौकरी करता है जहां पहुंचकर पुलिस मामले की जाँच करने की बात कह रही है ।
थाना नया गांव क्षेत्र के गांव अलीपुर निवासी समूल बेग़म को उसके पति अफ़रोज़ ने मायके से लौटने में दस मिनट की देरी होने पर फ़ोन पर तलाक़ दे दिया था। महिला ने बताया कि इसके बाद भी वो अपनी ससुराल पहुँची थी इस पर ससुरालियों ने उसे घर में नहीं घुसने दिया। जिसके बाद वो वापस मायके लौट गई।
फ़ोन पर तलाक़ बोलने से आहत हुई महिला ने पति सहित अन्य ससुरालियों के ख़िलाफ़ थाना नया गांव में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया है कि मैं बीमार दादी को देखने के लिए आयी थी। पति ने मुझे 2 घंटे का समय दिया था लेकिन मैं पति द्वारा दिये गए समय से 10 मिनट लेट हो गई थी। इस बात पर ही पति ने तीन बार तलाक़ बोल दिया।
महिला ने बताया कि ससुरालियों के उत्पीड़न से परेशान होकर उसका पिछली बार गर्भपात हो चुका है। थाना प्रभारी नया गांव राम सिंह मौर्य ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। जांच कर आरोपियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी।