आगरा थाना ताजगंज के फतेहाबाद रोड स्थित गणपति वर्ल्ड समिति परिसर की 14वीं मंजिल पर मजदूर पति-पत्नी लिफ्ट से डस्ट की बोरी चढ़ा रहे थे। पति का पैर फिसला और वह भूतल पर नीचे गिर गया।
आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र के फतेहाबाद रोड स्थित निर्माणाधीन अपार्टमेंट की 14वीं मंजिल पर मजदूर पति-पत्नी लिफ्ट से डस्ट की बोरी चढ़ा रहे थे। पति का पैर फिसला और वह भूतल पर नीचे गिर गया। पत्नी दौड़कर पहुंची तब तक पति की मौत हो गई। परिजन ने तहरीर नहीं दी है।
विज्ञापन
नगला जस्सा, देवरी रोड कोटली बगीची सदर निवासी बीरेंद्र सिंह ने बताया कि फतेहाबाद रोड स्थित गणपति वर्ल्ड समिति परिसर में बन रही 14 मंजिल के टोक्यो टावर के निर्माण का काम चल रहा है। उनके छोटे भाई राकेश (52) और उनकी पत्नी आशा देवी पिछले पांच साल से वहां मजदूरी कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को राकेश और उनकी पत्नी आशा निर्माणाधीन अपार्टमेंट की 14वीं मंजिल पर लिफ्ट से डस्ट की बोरियां चढ़ा रहे थे।
लिफ्ट से बोरी को उतारने के दौरान राकेश का पैर फिसल गया। पत्नी की आंखों के सामने 14वीं मंजिल से नीचे गिर गए। पत्नी दूसरी लिफ्ट से नीचे पहुंची। तब तक राकेश की मौत हो गई। एसीपी ताज सुरक्षा सैय्यद अरीब अहमद ने बताया कि अभी परिजन ने किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।