एटा के कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला मारहरा दरवाजा की रहने वाली महिला की उसके ही पति ने उंगली काट दी। आरोप है कि पति व जेठ ने उस दौरान हमला बोला जब वह कोचिंग जा रही थी। महिला के भाई की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
मोहल्ला मारहरा दरवाजा निवासी तबस्सुम राईन पर कोचिंग जाते समय हमला कर दिया गया। उंगली काटने का मुकदमा भाई मोहम्मद हारुन ने दर्ज कराया है। भाई हारुन ने बताया कि बहन की शादी आठ नवंबर 2020 को रिजवान वारसी के साथ की थी। उसने छह माह पहले बहन का साथ छोड़ दिया। अब पति और ससुराल वाले बहन की हत्या करने की कोशिश कर रहे हैं। आरोप है कि 21 नवंबर की दोपहर करीब एक बजे बहन शांतिनगर में कंप्यूटर की कोचिंग करने जा रही थी, तभी पति और जेठ अल्ताफ वारसी ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में बहन के हाथ की उंगली कट गई।
आरोपियों ने गले में पड़े दुपट्टे को खींचकर हत्या करने का प्रयास किया। कोतवाली नगर प्रभारी सुधीर सिंह राघव ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही है। इसी बात को लेकर हमला किया गया था। घायल युवती को परिजन इलाज के लिए अलीगढ़ ले गए थे। लौटने पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
ये भी पढ़ें - Agra Crime: रिफाइंड कंपनी एजेंसी के सेल्सकर्मी से लूट, दो बदमाशों ने हाईवे पर दिया वारदात को अंजाम
मारपीट के ये मामले भी हुए दर्ज
वहीं थाना अवागढ़ में तस्लीम निवासी गांव बरई ने गांव के ही रहीम सहित दो के खिलाफ पिटाई, धमकी देने की रिपोर्ट लिखाई है। थाना जैथरा में सीमादेवी निवासी गांव बधा ने गांव के ही राजू खां सहित चार के खिलाफ घर में घुसकर पिटाई करने और बचाने आए सर्वेश को राइफल व रिवाल्वर से धमकाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना जलेसर में देवाशीष निवासी मोहल्ला महावीरगंज ने अपनी किराएदार ममता देवी सहित तीन के खिलाफ बिजली चोरी से चलाने की कहने पर पिटाई करने और धारदार हथियार से घायल करने की रिपोर्ट लिखाई है। थाना मिरहची में सुनीता देवी निवासी गांव जयरामपुर ने गांव के ही जयकिशन सहित छह के खिलाफ घर में घुसकर पिटाई करने का मुकदमा दर्ज कराया है।