खंदौली। थाना क्षेत्र से जुड़ा दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने के प्रयास का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस आयुक्त आगरा के निर्देश पर थाना खंदौली मे प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मलीपुरा, खंदौली निवासी सुशीला पत्नी कुलदीप ने पुलिस आयुक्त को बताया उसकी शादी 19 अप्रैल 2017 को कुलदीप पुत्र विजय सिंह निवासी ग्राम खेरला, थाना सबलगढ़, जिला मुरैना (मध्यप्रदेश) के साथ हुई थी। शादी में पिता ने करीब 30 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष दहेज से संतुष्ट नहीं हुआ। आरोप है कि पति कुलदीप, सास उमा, ननद डिंपल, ननद का पति नरेंद्र, फुफिया ससुर राम सिंह आदि स्कॉर्पियो कार की मांग को लेकर उसका लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते रहे। पीड़िता ने बताया कि उसका एक साढ़े चार साल का पुत्र भी है। आरोप है कि बीते करीब डेढ़ वर्ष से उत्पीड़न और बढ़ गया। 24 मई 2025 को ससुराल वालों ने कथित रूप से पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर उसकी जान बचाई। रात में एक ग्रामीण महिला ने उसे अपने घर शरण दी और मायके वालों को सूचना दी। अगले दिन पीड़िता के भाइयों के पहुंचने पर उनके साथ भी मारपीट की गई और दहेज की मांग पूरी न होने पर जान से मारने की धमकी देकर पीड़िता को मायके भेज दिया गया। पीड़िता का कहना है कि पहले थाने में शिकायत पर काउंसलिंग कर समझौता करा दिया गया था, लेकिन इसके बाद भी मारपीट जारी रही।